SVG इण्डिया न्यूज रूम
दुद्धी(सोनभद्र)। जनपद के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने जिला अध्यक्ष नंदलाल गुप्ता सहित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बंद पड़े टीकाकरण केंद्र, इमरजेंसी की अव्यवस्था, वार्डों में बिना चादर के मरीजों के लिए लगाए गए बेड तथा साफ-सफाई की स्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताई। प्रभारी मंत्री ने मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी भी ली और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. शाह आलम अंसारी से व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
• भाजपा पदाधिकारियों ने आयुष विभाग, बाहरी दवा और जांच व्यवस्था पर उठाए सवाल
निरीक्षण के दौरान भाजपा कार्यकर्ता कृष्ण कुमार अग्रहरी ने आरोप लगाया कि आयुष विभाग कई वर्षों से दवाओं के अभाव में लगभग बंद पड़ा है। वहीं भाजपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ संयोजक जितेंद्र कुमार चंद्रवंशी ने बाहरी दवा, बाहरी जांच और निजी प्रैक्टिस को लेकर प्रभारी मंत्री के समक्ष गंभीर सवाल उठाते हुए अस्पताल की विभिन्न अव्यवस्थाओं की ओर ध्यान दिलाया। नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने चिकित्सकों एवं स्टाफ की कमी दूर करने की मांग की, जबकि भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शाह ने अल्ट्रासाउंड सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया। इस दौरान उप जिलाधिकारी रवि पासवान, पुलिस क्षेत्राधिकारी दुद्धी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दुद्धी तथा बीपीएम संदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।