SVG इण्डिया न्यूज डेस्क
दुद्धी(सोनभद्र)। उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ. हंसराज विश्वकर्मा ने अमवार पहुंचकर निर्माणाधीन कनहर सिंचाई परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर परियोजना को गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना से प्रभावित विस्थापित परिवारों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को शासन द्वारा अनुमन्य सुविधाएं समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
• स्वास्थ्य सेवाओं, कानून व्यवस्था और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण पर दिया जोर
इसके बाद प्रभारी मंत्री डॉ. हंसराज विश्वकर्मा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी का निरीक्षण कर अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था, मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा जर्जर भवनों की शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए। वहीं पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था, जन सुरक्षा और विकास कार्यों की समीक्षा की तथा शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा गांव चौपाल संवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक और निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।