Breaking News
सावन विशेष: शिवद्वार मंदिर में कांवड़ यात्रा को लेकर व्यवस्थाएं होंगी और बेहतर, डीएम ने दिए निर्देश     |     रजखड़ मोड़ पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, पति गंभीर घायल     |     जनसुनवाई में लापरवाही पर डीएम का बड़ा एक्शन, 11 अधिकारियों का वेतन अवरुद्ध     |     
Share on

  शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट

• वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अनुपस्थित अधिकारियों से दो दिन में मांगा स्पष्टीकरण, जवाबदेही तय करने के निर्देश

सोनभद्र। जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बुधवार को सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित जनसुनवाई की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की। समीक्षा के दौरान 11 जिला स्तरीय अधिकारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी का वेतन तत्काल प्रभाव से अवरुद्ध करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों से दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया। अनुपस्थित अधिकारियों में मुख्य चिकित्साधिकारी, ज्येष्ठ खान अधिकारी, सहायक निदेशक मत्स्य, सहायक महानिरीक्षक निबंधन, सहायक निदेशक रेशम, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी तथा अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग शामिल हैं।

• सुबह 10 से 12 बजे तक जनसुनवाई में अनिवार्य उपस्थिति के निर्देश

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि जनसुनवाई शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता, उदासीनता अथवा अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जिला, तहसील एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक अपने कार्यालय में उपस्थित रहकर आमजन की शिकायतों की सुनवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को अपने अधीनस्थ अधिकारियों की भी जनसुनवाई एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित कराने को कहा, ताकि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो सके। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त प्रशासनिक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई।





Top