शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
सोनभद्र। आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शिवद्वार मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु विजयगढ़ किले के समीप स्थित राम सरोवर से जल लेकर शिवद्वार मंदिर पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर एवं यात्रा मार्ग पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी कैमरे, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
• कंट्रोल रूम, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था रहेगी मजबूत
बैठक में निर्देश दिए गए कि शिवद्वार मंदिर तक जाने वाले सभी संपर्क मार्गों की मरम्मत एवं पैचवर्क समय से पूरा कराया जाए। मंदिर परिसर और आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा तथा अस्थायी शौचालय, टेंट, विश्राम स्थल और रात्रि विश्राम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सुचारु यातायात, पार्किंग व्यवस्था, डीजे की निर्धारित ऊंचाई का पालन तथा यात्रा मार्ग पर सुरक्षा संबंधी सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।