SVG इण्डिया न्यूज रूम
चोपन(सोनभद्र)। मेड़र माता मंदिर परिसर में आयोजित सप्तदिवसीय श्रीमद् श्रीराम कथा महोत्सव एवं विश्व शांति महायज्ञ के अंतर्गत बुधवार को कथा व्यास पूज्य श्री दिलीप कृष्ण भारद्वाज महाराज ने भगवान शिव एवं माता पार्वती के दिव्य विवाह प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान पूरा पंडाल हर-हर महादेव, जय श्रीराम और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालु भजनों पर झूमते हुए कथा रस में सराबोर रहे। कथाव्यास ने माता पार्वती की कठोर तपस्या, भगवान शिव की अलौकिक बारात, माता सती के प्रसंग तथा भगवान शिव के आदर्श चरित्र का विस्तार से वर्णन करते हुए गृहस्थ जीवन में सम्मान, धैर्य, त्याग और मर्यादा के महत्व पर प्रकाश डाला।
• श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, आयोजन समिति ने संभाली व्यवस्थाएं
कथावाचन के दौरान राजा दक्ष के यज्ञ, माता सती के योगाग्नि में विलीन होने तथा हिमालय पुत्री पार्वती के रूप में पुनर्जन्म लेकर भगवान शिव को प्राप्त करने की कथा भी सुनाई गई, जिसे सुन श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कार्यक्रम में धर्माचार्य पहाड़ी बाबा शिव कुमार निषाद, नागेश्वर प्रसाद गौड़, सुनील सिंह, श्यामा चरण, संतोष साहनी, राजकुमार यादव, संदीप चौरसिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं के लिए बैठने, प्रसाद वितरण और पेयजल की समुचित व्यवस्था की।