SVG इण्डिया न्यूज रूम
रामगढ़(सोनभद्र)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर गुरुवार को छात्रों ने समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश सचिव अंकित सिंह राठौर एवं रामगढ़ ग्राम प्रधान बलराज मौर्य के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने रामगढ़ नहर से चतरा ब्लॉक तक पैदल मार्च निकालते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षाओं में पारदर्शिता तथा छात्रों के भविष्य की सुरक्षा की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्था से बड़ी संख्या में छात्र प्रभावित हो रहे हैं।
• नेताओं ने सरकार पर लगाए आरोप, आंदोलन जारी रखने की कही बात
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अंकित सिंह राठौर और बलराज मौर्य ने आरोप लगाया कि मौजूदा परिस्थितियों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर इसे और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन के बाद छात्रों ने चतरा खंड विकास अधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और छात्रों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान आकाश केशरी, अभय गुप्ता, मनोज कुशवाहा, रिंकू मौर्या, विवेक सोनी, साजिद अली, अमन मौर्या, मुस्ताक, आदित्य सोनी, बादल सिंह, अमीन अंसारी, अंकित यादव, रोशन सोनी, अंगद यादव सहित सैकड़ों छात्र मौजूद रहे।