सौरभ की रिपोर्ट
सोनभद्र। श्रावण माह में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बिरदी रोड, नईबाजार चौराहा सहित विभिन्न क्षेत्रों में फल, सब्जी, मिठाई एवं फुटपाथ पर खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदारों को स्वच्छता, खाद्य सामग्री ढककर रखने, रेट लिस्ट प्रदर्शित करने और फूड सेफ्टी संबंधी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शिवद्वारा मंदिर परिसर, घोरावल क्षेत्र में व्यापारियों और आमजन को भी जागरूक किया गया।
• नियमों का उल्लंघन करने वालों पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
विभाग ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर संचालित मीट, मुर्गा मांस और अंडे की दुकानों को श्रावण माह के दौरान बंद रखने के निर्देश दिए हैं। चेतावनी दी गई है कि आदेश का उल्लंघन करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा अवधि में निगरानी और औचक निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।