रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा है कि खरीफ सीजन में किसानों को खाद की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। प्रदेश सरकार के निर्देश पर जनपद की सहकारी समितियों और अधिकृत उर्वरक केंद्रों पर यूरिया, डीएपी और एनपीके उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण कराया गया है। उन्होंने बताया कि किसानों को खाद के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए सभी सहकारी समितियों एवं निजी उर्वरक विक्रेताओं की नियमित निगरानी की जा रही है। जुलाई माह में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष बड़ी मात्रा में उर्वरकों का वितरण किया जा चुका है, जबकि बिक्री केंद्रों और पीसीएफ में भी पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। खाद वितरण के दौरान कुछ स्थानों पर आई तकनीकी समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
• अधिकारियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश, अफवाहों से बचने की अपील
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सभी अधिकारियों को सहकारी समितियों और उर्वरक विक्रेताओं का नियमित निरीक्षण करने तथा खाद का वितरण निर्धारित नियमों के अनुसार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कृत्रिम अभाव पैदा करने, कालाबाजारी या ओवररेटिंग की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुसार केवल अधिकृत सहकारी समितियों एवं खाद केंद्रों से ही उर्वरक प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और खरीफ सीजन के दौरान खाद की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाएगी।