रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। शासन ने तहसील दुद्धी के ग्राम जामपानी में मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण के लिए प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 25 करोड़ 28 लाख 08 हजार रुपये निर्धारित की गई है।
• निर्माण के लिए 8.84 करोड़ रुपये की पहली किश्त स्वीकृत
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि स्वीकृत लागत के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में 35 प्रतिशत धनराशि यानी 8 करोड़ 84 लाख 82 हजार 800 रुपये अवमुक्त किए जाने की स्वीकृति मिली है। इससे निर्माण कार्य को गति मिलेगी और क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक एवं बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ेगा।विद्यालय का निर्माण शासन द्वारा नामित कार्यदायी संस्था कान्स्ट्रक्शन एण्ड डिजाइन सर्विसेज (उ०प्र० जल निगम) के माध्यम से कराया जाएगा। निर्माण में निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा तथा परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण से दुद्धी क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक वातावरण, बेहतर आधारभूत सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। स्वीकृत धनराशि का नियमानुसार एवं पारदर्शी ढंग से उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।