ईमरान उर्फ राजा संवाददाता
चतरा(सोनभद्र)। विकास खंड चतरा के ग्राम पंचायत डोमरीया में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार अलग-अलग घरों और सार्वजनिक स्थानों से साइकिल, सोने-चांदी के आभूषण, लोहे की सरिया, सरकारी टोटो की बैटरी, सार्वजनिक शौचालय का समरसेबल पंप तथा कब्रिस्तान के पास रखी करीब 1000 ईंटें चोरी हो चुकी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई घटनाएं रात 12 बजे के बाद उस समय हुईं, जब लोग अपने घरों में सो रहे थे। मनीष बिन्द, राजेंद्र बिन्द, विजय बिन्द, विजय मोहन, मोहन बिन्द, सुनील बिन्द, रीना देवी और विजय नारायण सहित कई ग्रामीण चोरी की घटनाओं से प्रभावित बताए जा रहे हैं।
• ग्रामीणों ने निर्दोष व्यक्ति को आरोपी बनाए जाने के बजाय निष्पक्ष जांच की मांग की
ग्रामीणों का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी निर्दोष व्यक्ति को आरोपी बनाना नहीं, बल्कि वास्तविक चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराना है। ग्रामीणों ने चोरी हुए सामान की बरामदगी, रात में पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की चेकिंग कराने तथा यदि कोई गिरोह सक्रिय है तो उसकी पहचान कर कार्रवाई करने की मांग उठाई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच डोमरीया के ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर चोरी पर प्रभावी अंकुश कब लगेगा और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस स्तर से कब ठोस कदम उठाए जाएंगे?
.