रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। म्योरपुर ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों में संचालित होटलों में ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर कथित रूप से मिलावटी मिठाइयों की बिक्री का मामला सामने आया है। सोमवार देर शाम बीजपुर क्षेत्र के एक होटल पर चार पहिया वाहन से मिठाई सप्लाई करने पहुंचे व्यक्ति को देखकर लोगों ने हंगामा किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दी। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी कीर्ति आनंद ने थाने पहुंचकर अभिषेक कुमार पुत्र गुड्डू प्रसाद निवासी रामनगर, दुद्धी की मौजूदगी में मिष्ठान का नमूना लिया। विधिक कार्रवाई के बाद नमूना जांच के लिए भेजा जा रहा है।
• 90 किलो मिठाई बरामद, जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी के अनुसार स्विफ्ट डिजायर वाहन में नंदनी और कृष्णा ब्रांड की करीब 90 किलो मिठाई मिली है। यह मिठाई क्षेत्र में कब से सप्लाई की जा रही थी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, विभागीय कार्रवाई की सूचना फैलते ही कई होटल एवं मिष्ठान संचालकों ने अपनी दुकानों के शटर गिराकर ताले लगा दिए। जिस होटल में मिठाई सप्लाई किए जाने की बात सामने आई, उसके संचालक के भी दुकान बंद कर चले जाने की चर्चा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ब्रांडेड कंपनी के डिब्बों की आड़ में कथित तौर पर दूसरी मिलावटी मिठाई पैक कर बेची जा रही है। हालांकि इन आरोपों की वास्तविकता खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
.
.