Breaking News
खड़े ट्रैक्टर में पीछे से भिड़ीं दो बाइकें, 23 वर्षीय नवविवाहित युवक की मौत     |     पूर्व विधायक हरिराम चेरो की CM योगी से मुलाकात, दुद्धी की समस्याओं और 2027 चुनाव पर मंथन     |     550 KL की पानी टंकी तैयार, फिर भी सात गांवों के नल सूखे—दो साल से ग्रामीण बेहाल     |     
Share on

  ईमरान उर्फ राजा संवाददाता

• सड़क चौड़ीकरण का हवाला देकर जिम्मेदारों की चुप्पी, जल जीवन मिशन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

चतरा(सोनभद्र)। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत हर घर नल से जल पहुंचाने के दावे के बीच चतरा ब्लॉक क्षेत्र के सात गांवों में करीब दो वर्षों से पानी की सप्लाई नहीं पहुंच रही है। नेवारी, कुदर, सिरसी, कीरहुलिया, पड़री, लेड़ुआ और पटना गांव के ग्रामीण नियमित पेयजल आपूर्ति से वंचित हैं। ग्राम पंचायत डोमरीया के चरका गांव में 550 KL क्षमता की पानी टंकी का निर्माण भी पूरा हो चुका है, बावजूद इसके संबंधित गांवों के घरों में लगे नलों से पानी नहीं पहुंच रहा है। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है और योजना पर खर्च किए गए सरकारी धन के बावजूद जमीनी स्तर पर लाभ नहीं मिलने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क चौड़ीकरण का हवाला देकर जल जीवन मिशन से जुड़े जिम्मेदार अधिकारी लगातार मामले को टाल रहे हैं। उनका कहना है कि यदि सड़क चौड़ीकरण के कारण पाइपलाइन अथवा जलापूर्ति में कोई तकनीकी बाधा उत्पन्न हुई है तो उसे दूर कर जलापूर्ति बहाल कराना संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है। वर्षों तक ग्रामीणों को पेयजल से वंचित रखना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जल जीवन मिशन के उच्चाधिकारियों से सातों गांवों में जलापूर्ति की जमीनी जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और तकनीकी बाधाओं को तत्काल दूर कर नियमित पानी की सप्लाई शुरू कराने की मांग की है।





Top