रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
चोपन(सोनभद्र)। लगातार हो रही भारी वर्षा के चलते सोन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 44 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने चोपन में सोन नदी किनारे स्थित तटवर्ती बस्तियों का औचक निरीक्षण कर जमीनी स्थिति और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से नदी के जलस्तर, तटवर्ती बस्तियों की स्थिति और संवेदनशील स्थानों की जानकारी लेते हुए नदी किनारे एवं निचले क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने तथा नागरिकों को समय-समय पर सचेत करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संवेदनशील एवं आवागमन वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने के साथ ही आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव की सभी व्यवस्थाएं तत्पर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि सोन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है, इसलिए नदी तट, तेज बहाव एवं जलप्रवाह वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा बच्चों और पशुओं को भी ऐसे स्थानों से दूर रखें। प्रशासन द्वारा नदी के जलस्तर एवं तटवर्ती क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वागीश कुमार शुक्ला, उप जिलाधिकारी ओबरा रवि कुमार पासवान, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, सीओ सदर रणधीर मिश्रा, ईओ नगर पंचायत चोपन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।