शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
घोरावल(सोनभद्र)। लगातार बारिश के बीच बेलन नदी का जलस्तर शुक्रवार को करीब डेढ़ फीट कम होने से तटवर्ती इलाकों के लोगों ने राहत की सांस ली। नदी का पानी बढ़ने के कारण गुरुवार को घोरावल-शिवद्वार और घोरावल-कोहरथा मार्ग पर आवागमन रोक दिया गया था, जिससे आसपास के ग्रामीणों, किसानों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। जलस्तर में कमी आने के बाद प्रशासन ने दोनों मार्गों पर आवागमन बहाल कर दिया। हालांकि बारिश जारी रहने के चलते नदी के जलस्तर को लेकर तटवर्ती गांवों में अभी भी सतर्कता बनी हुई है।
बेलन-बकहर परियोजना के मिर्जापुर नहर प्रखंड के अवर अभियंता धर्मराज यादव ने बताया कि रीठी बांध के पांचों फाटक शुक्रवार को भी खोले गए। इन फाटकों के जरिए करीब 10 हजार क्यूसेक पानी बाहर निकालकर जलस्तर को नियंत्रित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बेलन नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है और परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। जलस्तर घटने से दोनों प्रमुख मार्गों से जुड़े करीब दो दर्जन गांवों के लोगों को फिलहाल आवागमन में बड़ी राहत मिली है।