वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जामपानी निवासी 24 वर्षीय देवकुमार गोंड पुत्र रामरतन गोंड की लखनऊ के गोमतीनगर में निर्माणाधीन बिल्डिंग से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया कि शुक्रवार शाम करीब पांच बजे देवकुमार बिल्डिंग में काम कर रहे थे, तभी अचानक नीचे गिर पड़े। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
• शादी के कुछ ही महीनों बाद उजड़ा सुहाग, अंतिम संस्कार में उमड़ा गांव
देवकुमार की शादी अप्रैल 2026 में हुई थी। नवविवाहिता पत्नी समेत परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद कंपनी की ओर से आर्थिक सहायता की बात कही गई, जबकि परिजनों ने अधिक सहायता की मांग की है। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव पैतृक गांव जामपानी लाया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। बाद में शोकाकुल माहौल में नदी तट स्थित घाट पर देवकुमार का अंतिम संस्कार किया गया।