SVG इण्डिया न्यूज रूम
शिवद्वार(सोनभद्र)। बाबा भोलेनाथ की नगरी एवं गुप्त काशी के नाम से विख्यात शिवद्वार धाम के पीछे स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महापर्व के सफल आयोजन के उपरांत शनिवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सूर्यकांत दुबे ने की। इस दौरान महोत्सव की सफलता पर चर्चा करते हुए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले कार्यकर्ताओं, सदस्यों, पदाधिकारियों, सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। अध्यक्ष सूर्यकांत दुबे ने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास और आपसी सहयोग से आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
• भंडारा, झांकियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और श्रद्धालुओं की सुविधा पर रहेगा विशेष जोर
उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत ने आगामी वर्ष जन्माष्टमी महोत्सव को इस वर्ष से भी अधिक भव्य एवं दिव्य बनाने तथा तैयारियां समय से शुरू करने पर जोर दिया। कोषाध्यक्ष लवकुश कनौजिया ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताते हुए भगवान श्रीकृष्ण से क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। सचिव अमित मिश्रा ने बैठक का संचालन करते हुए बताया कि अगले वर्ष मैनेजमेंट कमेटी में सक्रिय सदस्यों को जोड़ने, भव्य भंडारा, आकर्षक झांकियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और श्रद्धालुओं की बेहतर व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सह सचिव हिमांशु गिरी उर्फ मोहित गिरी जी महाराज, टीम प्रधान पुजारी, शिवद्वार धाम ने दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक के अंत में समिति सदस्यों ने अगले वर्ष महोत्सव को अधिक सुव्यवस्थित, भव्य, दिव्य और जनभागीदारी वाला धार्मिक आयोजन बनाने का संकल्प लिया।