SVG इण्डिया न्यूज डेस्क
रॉबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में पांच नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 31 अगस्त 2026 की शाम ग्राम बहुआर स्थित किराने की दुकान पर जोगेन्द्र मिश्रा उर्फ लालू के साथ लाठी-डंडे से मारपीट की गई थी। शोर सुनकर मौके पर पहुंची वादिनी आभा देवी ने अपने देवर को बचाने का प्रयास किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि इसके बाद अभियुक्तों ने घर तक पीछा कर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
• बहुआर-बासौली मोड़ पुलिया के पास हुई गिरफ्तारी, कुल्हाड़ी बरामद
पुलिस ने वादिनी की तहरीर पर मु0अ0सं0-734/2026 के तहत धारा 109(1), 191(2), 115(2), 352, 351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। 06 सितंबर को ग्राम बहुआर क्षेत्र में गश्त के दौरान करीब 02:30 बजे बहुआर-बासौली मोड़ पुलिया के पास पांचों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने एक अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की। गिरफ्तार अभियुक्तों में अनिल कुमार पाठक, श्रीप्रकाश उर्फ शिवम पाठक, सुनील पाठक, निलेश उर्फ राजन पाठक और पंकज त्रिपाठी उर्फ लिप्पू शामिल हैं। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक बृजेश सिंह समेत थाना रॉबर्ट्सगंज के पुलिसकर्मी शामिल रहे। आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।