रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। रेणुकूट वन प्रभाग के जरहा वन क्षेत्र में वन भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ रविवार को वन विभाग ने बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की। बैढ़न मोड़ से पुनर्वास बस्ती के दक्षिणी पटरी पर कुछ स्थानीय रहवासियों द्वारा ईंट, बालू, लकड़ी रखने और खेती के जरिए बार-बार वन भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। जरहा रेंजर सुधीर कुमार सिंह की पहल पर वन विभाग की टीम बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटवाकर वन भूमि को कब्जामुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों ने विरोध करते हुए हो-हल्ला किया, लेकिन वन विभाग की टीम ने अभियान जारी रखा।
• पूरे जरहा वन क्षेत्र में एक पखवाड़े तक चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान
वन विभाग के अनुसार वन भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने का अभियान पूरे जरहा वन क्षेत्र में करीब एक पखवाड़े तक जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान वन दरोगा श्याम लाल, राजू कुमार, राहुल दुबे, सतेंदर सिंह, वन रक्षक राजेंदर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। जरहा रेंजर सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि वन क्षेत्र में किसी भी स्थान पर अतिक्रमण का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वन भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।