शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
घोरावल(सोनभद्र)। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में साइबर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत घोरावल थाना पुलिस की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के पीड़ित हर्ष गुप्ता को 47 हजार रुपये वापस करा दिए। हर्ष गुप्ता ने बताया कि 05 सितम्बर 2026 को वेरिफिकेशन के नाम पर ओटीपी पूछकर बिना उनकी जानकारी के खाते से 47,153 रुपये का ट्रांजेक्शन कर लिया गया था। इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी।
• बैंक से समन्वय कर साइबर टीम ने धनराशि कराई वापस, पुलिस की अपील—ठगी होते ही 1930 पर करें शिकायत
एनसीआरपी पोर्टल का अवलोकन करने के बाद थाना घोरावल की साइबर टीम ने संबंधित बैंक से ई-मेल के माध्यम से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई की। इसके परिणामस्वरूप 06 सितम्बर 2026 को पीड़ित की 47,000 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक वापस करा दी गई। पीड़ित ने उत्तर प्रदेश पुलिस और साइबर टीम के प्रति आभार जताते हुए उनकी सराहना की। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बुजेश सिंह, साइबर हेल्प डेस्क के कांस्टेबल योगेश मिश्रा और कांस्टेबल नितीश राज शामिल रहे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें या नजदीकी थाने में सूचना दें।