अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। बभनी थाना क्षेत्र के करमघट्टी गांव में सोमवार दोपहर एक 18 वर्षीय युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। करमघट्टी गांव निवासी दिलबरन की पुत्री फूलमती दोपहर में घर से करीब सौ मीटर की दूरी पर स्थित चिलबिल के पेड़ पर अपने दुपट्टे के सहारे लटकी मिली। कुछ समय बाद बकरी चराने गए एक व्यक्ति की नजर युवती पर पड़ी तो उसने तत्काल ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्राम प्रधान ने बभनी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।
• घटना के समय घर पर नहीं थे माता-पिता, मौत की वजह स्पष्ट नहीं; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की
ग्रामीणों के अनुसार घटना के समय युवती की मां रिश्तेदारी में पिंडारी गांव गई थीं, जबकि उसके पिता दिलबरन बैगा गांव में थे और घर पर कोई मौजूद नहीं था। युवती ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसे लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। मामले में बभनी प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। तहरीर मिलने पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।