रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। जरहा न्याय पंचायत के विभिन्न संकुलों में बुधवार को संकुल स्तरीय मेधावी परीक्षा का आयोजन किया गया। इसमें न्याय पंचायत के विभिन्न विद्यालयों से चयनित कक्षा तीन, पांच, छह एवं आठ के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बीजपुर क्षेत्र की परीक्षा कंपोजिट विद्यालय बीजपुर में संकुल शिक्षक देव नारायण गुप्ता की देखरेख में संपन्न हुई। कक्षा तीन में प्राथमिक विद्यालय राय कॉलोनी के चंदन कुमार ने प्रथम और खुशी कुमारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा पांच में इसी विद्यालय के आर्यन प्रथम और शिवम कुमार द्वितीय रहे। कक्षा छह में कंपोजिट विद्यालय बीजपुर के हिमांशु यादव प्रथम तथा कंपोजिट विद्यालय कोड़ार की सुमन कुमार द्वितीय रहीं। कक्षा आठ में कंपोजिट विद्यालय नेमना की अंकिता ने प्रथम और कंपोजिट विद्यालय बीजपुर की मोनी ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
• चयनित मेधावी छात्र-छात्राएं ब्लॉक स्तरीय परीक्षा में लेंगे हिस्सा, बैंक प्रबंधक ने उपहार देकर किया सम्मानित
संकुल स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राएं अगले दिन म्योरपुर में आयोजित होने वाली ब्लॉक स्तरीय मेधावी परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे। इस अवसर पर स्टेट बैंक शाखा बीजपुर के शाखा प्रबंधक सुभाष महतो ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को उपहार देकर सम्मानित किया और ब्लॉक स्तरीय परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं। कंपोजिट विद्यालय बीजपुर की प्रभारी प्रधानाध्यापिका नेहा श्रीवास्तव ने शाखा प्रबंधक, प्रतिभागी बच्चों एवं उनके शिक्षकों के प्रति आभार जताया। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने में शालिनी जायसवाल, कुसुम सिंह, ज्वाला प्रसाद, प्रमोद जायसवाल, सुरेंद्र सिंह, विकास चंद्र, प्रीति पाण्डेय, मनीष सिंह, राम सजीवन जायसवाल, विमलेश यादव, प्रियंका उपाध्याय और नीतू सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
.