रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
करमा(सोनभद्र)। करमा ब्लॉक में मंगलवार को खंड शिक्षा अधिकारी बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन में ‘मेधावी छात्र चयन परीक्षा-2026’ का सफल आयोजन हुआ। परीक्षा में ब्लॉक के 25 संकुलों के विभिन्न विद्यालयों से कुल 200 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कक्षा 3 और 5 के प्रश्नपत्र में 40-40, जबकि कक्षा 6 और 8 में 50-50 प्रश्न पूछे गए। कक्षा 3 में प्राथमिक विद्यालय गड़ईगाढ़ की नियति मौर्या ने 40 में 39 अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कंपोजिट विद्यालय भटौलिया के आयुष प्रजापति 33 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। कक्षा 5 में प्राथमिक विद्यालय सहदेईया बैडाड़ के आयुष कुमार और प्राथमिक विद्यालय गड़ईगाढ़ की अनुज सिंह ने 35-35 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया।
• सम्मान समारोह में मेधावियों को किया गया पुरस्कृत, जिला स्तरीय परीक्षा के लिए बढ़ाया मनोबल
उच्च प्राथमिक स्तर पर कक्षा 6 में कंपोजिट विद्यालय बट की गरिमा सिंह ने 50 में 34 अंक प्राप्त कर प्रथम और कंपोजिट विद्यालय भटौलिया के आयुष मौर्या ने 33 अंक हासिल कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 8 में कंपोजिट विद्यालय भटौलिया के आर्यन मौर्या ने 50 में 45 अंक के साथ प्रथम तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय बैडाँड़ की श्रेया ने 35 अंक के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया। परीक्षा के बाद आयोजित सम्मान समारोह में खंड शिक्षा अधिकारी बृजेश कुमार सिंह ने चयनित मेधावियों को पुरस्कृत कर आगामी जिला स्तरीय परीक्षा के लिए प्रेरित किया। परीक्षा को पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने में बीआरसी करमा स्टाफ, एआरपी टीम के राजकुमार मौर्य, नवीन कुमार रॉय, दिनेश कुमार सिंह व अखिलेन्द्र प्रताप सिंह सहित आशीष निरंजन, आनंद सिंह पटेल, चंद्रपाल, ओमप्रकाश, मनीष कुमार सिंह, पूनम, स्मिता पाल, मानवेंद्र सिंह पटेल, अभिषेक कुमार, सीमा सिंह, प्रतिमा सिंह, अनिल सिंह, रामनरेश और मुमताज का विशेष सहयोग रहा।