Breaking News
थाना ओबरा प्रभारी का ट्रांसफर, नागेश सिंह को एसपी ने सौंपी कमान     |     अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकराई, दो युवक गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर     |     वांछित अभियुक्त पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित     |     
Share on

  रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव

• नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन का हुआ सजीव प्रसारण, कार्यकत्रियों-सहायिकाओं को ₹5 लाख तक कैशलेस उपचार की सुविधा का ऐलान

सोनभद्र। अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी सहायिकाओं के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण पंचायत रिसोर्स सेंटर, विकास भवन सोनभद्र में किया गया। इस दौरान प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोड़ ने नव नियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय ₹8 हजार से बढ़ाकर ₹12 हजार तथा सहायिकाओं का ₹4 हजार से बढ़ाकर ₹6 हजार किया गया है। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को ₹5 लाख तक निःशुल्क कैशलेस उपचार की सुविधा देने की घोषणा की गई है। कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन उपलब्ध कराने से विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में तकनीकी दक्षता और पारदर्शिता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

• बेबी किट और सहजन के पौधों का वितरण, केंद्रों को आधुनिक बनाने पर जोर

कार्यक्रम में सदर विधायक भूपेश चौबे, जिलाधिकारी चर्चित गौड़, जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल और नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने भी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को संबोधित किया। जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की बेहतर देखभाल, पोषण, टीकाकरण और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पात्र बच्चों तक समय से पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रों को आधुनिक, सुविधायुक्त एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया। कार्यक्रम में नव नियुक्त सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र, लाभार्थियों को बेबी किट तथा बच्चों की माताओं को सहजन के पौधे वितरित किए गए। जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह ने आभार जताया और संचालन ऋचा ओझा ने किया। इस दौरान जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।





Top