रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में होटल व्यवसायियों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में सोनभद्र को प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने, पर्यटकों के ठहराव की व्यवस्था मजबूत करने और होटल एवं आतिथ्य क्षेत्र में निवेश बढ़ाने पर रणनीति बनाई गई। जिलाधिकारी ने होटल व्यवसायियों को निर्देश दिए कि जनपद आने वाले पर्यटकों तथा होटलों में ठहरने वाले आगंतुकों का विवरण नियमित रूप से जिला पर्यटन कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए, ताकि उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर प्रभावी पर्यटन कार्ययोजना तैयार की जा सके।
• सब्सिडी योजनाओं का लाभ लेने और उद्योग विभाग के माध्यम से एमओयू कराने की अपील
जिलाधिकारी ने होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट एवं होमस्टे स्थापित करने के लिए शासन की ओर से संचालित सब्सिडी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने उद्योग विभाग के माध्यम से एमओयू कराकर प्रतिष्ठानों का विस्तार करने पर भी जोर दिया। कहा कि वाराणसी और आसपास के जनपदों में आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को सोनभद्र के प्राकृतिक, धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों से जोड़ने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और जनपद की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी राजेश कुमार भारती, फायर सेफ्टी एवं इलेक्ट्रिक सेफ्टी अधिकारी, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, उद्यमी मित्र नितिन प्रकाश सिंह सहित होटल व्यवसायी एवं उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे।