वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के पतरिहा गांव के समीप मलिया नदी में मंगलवार की अलसुबह करीब चार बजे अवैध बालू खनन एवं परिवहन की सूचना पर विंढमगंज पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस की आहट मिलते ही नदी से बालू लादकर निकल रहे कई ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गए। इसी दौरान पुलिस ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया, जबकि चालक मौके से भाग निकला। पुलिस वाहन को थाने ले आई और सीज करते हुए अग्रिम कार्रवाई में जुट गई।
• कनहर और मलिया नदी में अवैध खनन पर ग्रामीणों ने जताई चिंता
ग्रामीणों का आरोप है कि कनहर और मलिया नदी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों से अवैध रूप से बालू का खनन एवं परिवहन किया जा रहा है। खनन की गई बालू को क्षेत्र में ऊंचे दामों पर बेचे जाने की बात भी ग्रामीणों ने कही। उनका कहना है कि अवैध खनन से नदी के प्राकृतिक स्वरूप को नुकसान पहुंचने के साथ राजस्व की भी क्षति हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभागों से अवैध खनन-परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने और संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष रविकांत मिश्रा ने बताया कि सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी है, जिसे सीज कर दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और किसी भी सूरत में अवैध खनन एवं परिवहन नहीं होने दिया जाएगा।