Breaking News
कोल्ड ड्रिंक की आड़ में 65 लाख की अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़     |     डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर संगोष्ठी आयोजित     |     जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, तीरंदाजी में आकाश प्रथम     |     
Share on

  शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट

• ऑपरेशन शुद्धि में 625 पेटी शराब बरामद, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

सोनभद्र। ऑपरेशन शुद्धि के तहत सोनभद्र पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक की पेटियों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही रॉयल स्टैग और रॉयल ग्रीन ब्रांड की 625 पेटियों में कुल 9,588 शीशी अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपये है। इसके अलावा लाहौरी जीरा की 1,275 यूनिट, एक ट्रक और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। पुलिस ने कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 93 लाख रुपये बताई है। शराब की बोतलों पर ‘Only for Punjab Sale’ अंकित था। प्रारंभिक जांच में परिवहन दस्तावेजों और आरोपियों के बयानों में विसंगतियां मिलने की बात सामने आई है।

• हरियाणा से रांची ले जाई जा रही थी शराब, दस्तावेजों में मिली विसंगतियां

पुलिस के मुताबिक, 14 और 15 अक्टूबर की मध्यरात्रि में शारदीय नवरात्र एवं दशहरा पर्व के मद्देनजर चल रही वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर चुर्क क्षेत्र में खड़े ट्रक की तलाशी ली गई। ट्रक में सवार नसीब चन्द राजपूत और कृष्णपाल राजपूत, निवासी हिमाचल प्रदेश, को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के अनुसार, शराब हरियाणा के पानीपत और पंचकूला से झारखंड की राजधानी रांची ले जाई जा रही थी। मामले में थाना रॉबर्ट्सगंज में मुकदमा संख्या 839/2026 के तहत आबकारी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस शराब की आपूर्ति के स्रोत, वाहन स्वामी की भूमिका और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जांच कर रही है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक मेविस टॉक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में की गई।





Top