मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। हाथीनाला थाना क्षेत्र के हाथीनाला जंगल में बुधवार-गुरुवार की मध्यरात्रि करीब एक बजे तेज रफ्तार बलकर और हाइवा की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बलकर चालक वाहन के केबिन में फंस गया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला जा सका। दुर्घटना में दोनों वाहनों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हाइवा चालक की पहचान साहबगंज निवासी शादाब के रूप में हुई, जबकि गंभीर रूप से घायल बलकर चालक की पहचान मध्य प्रदेश के मैहर निवासी 35 वर्षीय हरिश्चंद्र यादव, पुत्र सुनकाई यादव, के रूप में हुई।
• गंभीर हालत में बलकर चालक जिला मेडिकल कॉलेज रेफर
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह ने बलकर चालक हरिश्चंद्र यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।