मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी,सोनभद्र। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की दुद्धी इकाई की ओर से शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को भाऊ राव देवरस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में “लोकतंत्र अपनाओ–अराजकता हटाओ” के नारे के साथ प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। प्रदर्शन के माध्यम से अभाविप ने निर्वाचन आयोग और न्यायालय जैसी संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा पर सवाल उठाने तथा उनके प्रति अविश्वास फैलाने के प्रयासों का विरोध किया। परिषद के कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करने का अधिकार सभी को है, लेकिन विरोध संवैधानिक मर्यादाओं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के दायरे में होना चाहिए।
अभाविप के सोनभद्र विभाग संयोजक अमन जायसवाल ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता और चुनाव सुधार की प्रक्रियाओं पर निराधार सवाल उठाना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक असहमति के नाम पर अराजकता और अव्यवस्था फैलाने के प्रयास निंदनीय हैं। देश का युवा और छात्र समाज ऐसी गतिविधियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगा। वहीं, तहसील संयोजक राधाकृष्ण सिंह ने कहा कि चुनाव सुधार की प्रक्रियाओं को लेकर स्वस्थ चर्चा होनी चाहिए। संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने के बजाय किसी भी आपत्ति का समाधान संवैधानिक और कानूनी माध्यमों से किया जाना चाहिए। उन्होंने देश की शांति, अखंडता और संवैधानिक व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि एसआईआर (SIR) जैसी चुनावी प्रक्रियाओं को लेकर किसी भी प्रकार की समस्या होने पर निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से समाधान प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं और नागरिकों से तथ्यों के आधार पर राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार करने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। इस दौरान विकास चौधरी, अनामिका, संतोष कुमार, अशोक कुमार, रेशमी गुप्ता, आकाश कुमार, बबलू सिंह, मनोज सिंह, जयप्रकाश सोनकर, राहुल कन्नौजिया सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।