वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। गोवंश तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुलिस की रिपोर्ट पर जिलाधिकारी ने तस्करी में प्रयुक्त दो वाहनों को जब्त करने का आदेश जारी किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर अपराध नियंत्रण एवं गोवंश तस्करी में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) और क्षेत्राधिकारी दुद्धी के निर्देशन में थाना प्रभारी रविकांत मिश्र ने जब्तीकरण की रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों के माध्यम से जिलाधिकारी को भेजी थी।
• दोनों वाहनों की कीमत 10.95 लाख रुपये से अधिक
कार्रवाई के तहत मुकदमा अपराध संख्या 95/26 से संबंधित पिकअप वाहन संख्या UP64 BT 9546 तथा मुकदमा अपराध संख्या 64/26 से संबंधित मैजिक वाहन संख्या UP70 QT 5354 को जब्त करने का आदेश दिया गया है। दोनों मामले गैंगस्टर अधिनियम की धारा 3(1) से संबंधित हैं। पुलिस के मुताबिक, पिकअप की अनुमानित कीमत छह लाख रुपये और मैजिक वाहन की कीमत 4,95,171 रुपये है। दोनों वाहनों की कुल कीमत 10,95,171 रुपये आंकी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई को गोवंश तस्करी पर अंकुश लगाने और अपराध में प्रयुक्त वाहनों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।