अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बड़होर गांव में सांप के काटने से छह वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। मृतका की पहचान सफीना पुत्री सलाहुद्दीन के रूप में हुई है। वह प्राथमिक विद्यालय बड़होर प्रथम में कक्षा एक की छात्रा थी। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को सफीना स्कूल से घर लौट रही थी। रास्ते में सड़क किनारे झाड़ी से फूल तोड़ते समय वह अचानक गिर गई। इसी दौरान झाड़ी में छिपे सांप ने उसे काट लिया। परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर लेकर पहुंचे, जहां उपचार के बाद तबीयत में सुधार होने पर उसे घर ले आए। शुक्रवार शाम अचानक सफीना की तबीयत फिर बिगड़ गई। परिजन उसे दोबारा अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इसी दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
• पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
शनिवार सुबह मृतका के पिता सलाहुद्दीन ने बभनी थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर उप निरीक्षक शिव मूरत यादव मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।