रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। स्व. विजय कुमार द्विवेदी की स्मृति में कम्पोजिट विद्यालय बीजपुर में न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती और पूर्व एनपीआरसी स्व. विजय कुमार द्विवेदी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद शिक्षकों ने बैज लगाकर अतिथियों का स्वागत किया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विश्राम सागर गुप्ता और विनोद कुमार पाण्डेय सहित अन्य अतिथियों ने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में 50 मीटर और 100 मीटर दौड़ के साथ खो-खो का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
दौड़ प्रतियोगिता में अनिल, सुनैना, प्रदीप, अनुष्का, सुनील और सुनीता ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, खो-खो प्रतियोगिता में कम्पोजिट विद्यालय सिरसोती ने प्राथमिक बालक एवं बालिका वर्ग में जीत दर्ज की, जबकि उच्च प्राथमिक वर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय जरहा के खिलाड़ियों ने बाजी मारी। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना। कार्यक्रम में अजय सिंह, हीरामणि, पवन शुक्ल, राजेश सिंह और राकेश दुबे सहित सैकड़ों शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अरविंद द्विवेदी ने किया।
.