रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
(सोनभद्र)। शारदीय नवरात्रि वर्ष 2026 के अंतर्गत संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज तहसील में विशेष पिंक संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल राजेश प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा मौजूद रहे। इस दौरान जिले की चारों तहसीलों में कुल 209 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 33 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इनमें महिलाओं से संबंधित 18 शिकायतों का भी तत्काल समाधान किया गया। अधिकारियों ने महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत पिंक संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य महिलाओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध कराना, उन्हें अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिलाओं की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने भी शिकायतों का संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का मौके पर निस्तारण संभव है, उन्हें तत्काल निपटाया जाए, जबकि स्थलीय जांच वाले मामलों में संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर जांच करें और निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई पूरी करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।