रामबाबू संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। डुमरडीहा गांव के पास रामलीला देखकर घर लौट रहे तीन युवक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। बताया जाता है कि सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक से बचने के दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर गिर पड़ी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को सड़क से उठाकर किनारे किया और निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। घायलों की पहचान डुमरडीहा निवासी अजय कुमार (23), राकेश कुमार (30) और सुमंत (25) के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
दो घायलों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया। सीएचसी दुद्धी में चिकित्सक डॉ. मनोहर ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक के अनुसार, अजय कुमार और राकेश कुमार की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है, जबकि सुमंत को हल्की चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलने पर घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद परिवार के लोगों में चिंता का माहौल रहा।