वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। शारदीय नवरात्र की सप्तमी तिथि पर क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। विभिन्न मंदिरों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना, आरती और माता के जयकारों के बाद डांडिया-गरबा महोत्सव का आयोजन किया गया। दिगंबर अखाड़ा से संबद्ध श्रीराम जानकी मंदिर समिति के अध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता, मां काली मंदिर समिति के अध्यक्ष रवि शंकर जायसवाल, शिव मंदिर सलैयाडिह समिति के अध्यक्ष अरविंद जायसवाल, शिव समर्पण समिति धरतीडोलवा के अध्यक्ष मुन्ना पासवान और नवयुवक दुर्गा पूजा समिति मुडिसेमर के अध्यक्ष उपेंद्र पासवान के नेतृत्व में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। पंडित नंदलाल तिवारी, मनोज तिवारी, राजू तिवारी, गुड्डू तिवारी, आनंद कुमार द्विवेदी और शेषमणि पांडे ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माता रानी का श्रृंगार, आरती और दिव्य पूजा-अर्चना संपन्न कराई।
• बनारस की एंकर आरती सिंह के संबोधन के बाद देर रात तक थिरके श्रद्धालु
पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर से सटे विशाल स्थल पर डांडिया महोत्सव आयोजित हुआ। बनारस से आमंत्रित एंकर आरती सिंह ने अपने मधुर और ओजस्वी संबोधन से श्रद्धालुओं में उत्साह भर दिया। उन्होंने देवी महात्म्य और नवरात्र के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद शुरू हुए डांडिया-गरबा में बच्चे, महिलाएं और युवतियां पारंपरिक परिधानों में देर रात तक थिरकते रहे। पुजारियों ने बताया कि नवरात्र की सप्तमी पर मां कालरात्रि की पूजा का विशेष महत्व है। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रकाश, ध्वनि और बैठने की समुचित व्यवस्था की गई थी। साथ ही विशाल भंडारे का भी आयोजन हुआ। पूरा क्षेत्र देर रात तक “जय माता दी” के जयकारों से गुंजायमान रहा।