यशस्वी कन्नौजिया संवाददाता
चोपन(सोनभद्र)। ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चोपन ब्लॉक के गुरुमुरा ग्राम स्थित पूर्व माध्यमिक कन्या विद्यालय में निःशुल्क मोतियाबिंद एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। आर.जे. संकरा आई हॉस्पिटल और पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा के संयुक्त सौजन्य से आयोजित शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 230 से अधिक ग्रामीणों एवं बुजुर्गों की आंखों की जांच की। जांच के बाद 38 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया, जिन्हें निःशुल्क बस से इलाज के लिए आर.जे. संकरा आई हॉस्पिटल, वाराणसी भेजा गया। वहां मरीजों के ऑपरेशन के साथ रहने और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था भी की जाएगी। वहीं, अन्य मरीजों को जरूरत के अनुसार निःशुल्क चश्मे और दवाइयां वितरित की गईं।
• अक्टूबर में अब तक 200 मरीजों को मिली नई रोशनी
पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा और आर.जे. संकरा आई हॉस्पिटल की इस पहल से क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को राहत मिल रही है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर माह में अब तक 1,000 से अधिक लोगों की आंखों की जांच की जा चुकी है, जबकि मोतियाबिंद से पीड़ित 200 मरीजों का सफल ऑपरेशन कर उन्हें नई रोशनी प्रदान की गई है। शिविर के माध्यम से जरूरतमंदों को उपचार उपलब्ध कराने की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की और पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा सहित अस्पताल की मेडिकल टीम के प्रति आभार जताया।