सौरभ की रिपोर्ट
रॉबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। नवरात्र, दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने रॉबर्ट्सगंज में बरौली चौक से शीतला मंदिर चौराहे तक पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पंडालों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने, श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जाए और किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
• श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, व्यवस्थाओं पर निगरानी के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि नवरात्र, दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने और सभी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। पैदल मार्च के दौरान उप जिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज आशीष त्रिपाठी, सीओ सिटी रणधीर मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।