सौरभ की रिपोर्ट
चोपन(सोनभद्र)। मारकुंडी घाटी में डीजल से भरा एक टैंकर ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से डीजल सड़क पर बहने लगा, जिससे आग लगने का खतरा पैदा हो गया। घटना के चलते घाटी में करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा और वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ। टैंकर में लगभग 24 हजार लीटर डीजल लदा था। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं।
• पीडीडीयू नगर से डीजल लेकर ओडिशा जा रहा था टैंकर
बिहार के गया जिले के नजीरगंज थाना क्षेत्र के यमुनानगर निवासी टैंकर चालक पवन कुमार, पुत्र संजय यादव ने बताया कि वह पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर से टैंकर में डीजल लोड कर ओडिशा जा रहा था। रॉबर्ट्सगंज से आगे मारकुंडी घाटी में पहुंचते ही अचानक टैंकर का ब्रेक फेल हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे की सूचना मिलने पर गुरमा चौकी प्रभारी श्रीप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टैंकर से डीजल भरने के लिए बाल्टी और डिब्बे लेकर पहुंचे कुछ लोग पुलिस को देखकर वहां से भाग गए। आग लगने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने फायर ब्रिगेड को भी बुलाया। पुलिस और दमकल कर्मियों ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद यातायात सुचारु कराया गया और सड़क पर फैले डीजल को लेकर सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए गए। चोपन थाना प्रभारी गोपाल जी गुप्ता ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।