रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। जरहा न्याय पंचायत सहित क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण अंचलों में शारदीय नवरात्र का समापन हवन, कन्या पूजन और विशाल भंडारे के साथ श्रद्धापूर्वक किया गया। इस दौरान एक जोड़े का विवाह भी संपन्न कराया गया। बीजपुर बाजार, दूदहिया माता मंदिर, एनटीपीसी आवासीय परिसर और डोडहर सहित विभिन्न स्थानों पर स्थापित पूजा पंडालों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
• देवी जागरण और झांकियों ने बांधा समां
नवरात्र के अंतिम दिन मंदिरों और पूजा पंडालों में विशेष पूजा-अर्चना के बाद हवन किया गया। इसके बाद कन्या पूजन कर कन्याओं को भोजन कराया गया और दक्षिणा व उपहार दिए गए। विभिन्न स्थानों पर आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कहीं देवी जागरण तो कहीं राधा-कृष्ण और शिव-पार्वती की झांकियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। बेड़ियां हनुमान मंदिर के पुजारी आचार्य अनूप शुक्ला ने कहा कि मां जगदंबा की विधि-विधान और सच्चे मन से आराधना करने से भक्तों को सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति का आशीर्वाद मिलता है। इस अवसर पर बृजकिशोर मोदनवाल, लल्लन सिंह, गौतम, इंद्रदेव सिंह, विनोद गर्ग, परशुराम पाल, धनंजय शर्मा, सुधा देवी, शांति, ममता, आरती सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रभारी निरीक्षक बीजपुर अविनाश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ क्षेत्र में भ्रमण करते रहे।