सौरभ की रिपोर्ट
घोरावल(सोनभद्र)। कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में हुए भीषण हादसे में 19 लोगों की मौत की सूचना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस सतर्क हो गए हैं। इसी क्रम में एसडीएम विशाल कुमार एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय ने घोरावल नगर सहित तहसील क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक दुर्गा पूजा पंडालों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने अग्निशमन व्यवस्था, मुख्य एवं वैकल्पिक निकास द्वार, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूजा समितियों के आयोजकों को सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने पंडालों में आग से बचाव के उपायों और सुरक्षित निकास व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। निरीक्षण के दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह, कस्बा चौकी प्रभारी उदय नारायण कुशवाहा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।