SVG इण्डिया न्यूज डेस्क
म्योरपुर(सोनभद्र)। म्योरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार रात करीब 10:30 बजे बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर दो बाइकों की भिड़ंत में दो युवकों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना जोरदार था कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और एंबुलेंस व पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर ले जाया गया।
• दो घायलों को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, तीन को जिला अस्पताल भेजा
जानकारी के अनुसार, आश्रम मोड़ निवासी दीपक (18), रविंद्र (18) और धर्मेंद्र (17) एक बाइक से किरबिल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक पर सवार देवरी गांव निवासी सूरज (25) और सुरेंद्र (22) से उनकी भिड़ंत हो गई। सीएचसी म्योरपुर में चिकित्सकों ने जांच के बाद दीपक और सुरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं रविंद्र, धर्मेंद्र और सूरज की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।