रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। ग्राम सभा पिंडारी के बराईडाड़ टोले में बावली में मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मगरमच्छ होने की सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद विभागीय टीम ने रेस्क्यू की कार्रवाई शुरू की।
• ग्रामीणों के सहयोग से जाल डालकर किया गया रेस्क्यू
जरहा वन क्षेत्राधिकारी सुधीर कुमार सिंह के निर्देशन में वन दारोगा राजू कुमार टीम के साथ मंगलवार को मौके पर पहुंचे। टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से बावली में जाल डालकर मगरमच्छ को सुरक्षित बाहर निकाला और बिच्छी नदी के करीब रिहंद जलाशय में छोड़ दिया। वन क्षेत्राधिकारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मगरमच्छ का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित जलाशय में पहुंचा दिया गया है। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।