रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। एनटीपीसी परियोजना की कांट्रेक्टर कॉलोनी में नवरात्र के पावन अवसर पर सोमवार को श्रद्धा और आस्था के साथ भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर महाप्रसाद ग्रहण किया। आयोजन का शुभारंभ नौ कन्याओं के पूजन से हुआ, जिसे आचार्य विष्णु कांति दुबे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया। यजमान कुंदन श्रीवास्तव और उनकी पत्नी प्रगति श्रीवास्तव ने कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर पूजन किया, चुनरी ओढ़ाई और भोजन कराने के साथ दक्षिणा व उपहार भेंट किए।
• भजन-कीर्तन के बीच दोपहर तक चलता रहा भंडारा
कन्या पूजन के बाद भंडारा शुरू हुआ, जिसमें कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों से आए महिला, पुरुष और बच्चों ने प्रसाद ग्रहण किया। महिलाओं के भजन-कीर्तन से पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा। आयोजन को सफल बनाने में उमेश सिंह, रिंकू श्रीवास्तव, विजय यादव, भीम यादव, अतुल, शिव श्रीवास्तव, अनिल सिंह, राजेश श्रीवास्तव, लल्लन सिंह, अर्चना श्रीवास्तव, प्रगति श्रीवास्तव, उषा यादव, प्रमिला श्रीवास्तव, पल्लवी सिन्हा, अंजू ठाकुर सहित कॉलोनी के अन्य लोगों ने सहयोग किया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन आपसी भाईचारे, सेवा भाव और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करते हैं।