रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। शारदीय नवरात्र के दौरान स्थापित मां दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का बीजपुर बाजार, मां दुद्धहिया मंदिर, गोकुल धाम, कांट्रैक्टर कॉलोनी, शांतिनगर, सिरसोती, नेमना और जरहा समेत विभिन्न स्थानों पर विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा, मां लक्ष्मी, मां सरस्वती, भगवान गणेश और कार्तिकेय को श्रद्धा के साथ विदाई दी। विसर्जन के दौरान भक्ति गीतों पर महिलाएं, युवतियां और युवक झूमते नजर आए। प्रतिमाओं को रिहंद जलाशय, अंजीर नदी सहित अन्य जलस्रोतों में विसर्जित किया गया।
• अगले वर्ष फिर आने की कामना, विसर्जन के साथ उत्सव का समापन
प्रतिमा विसर्जन के दौरान कई श्रद्धालु भावुक हो उठे और नम आंखों से मां को विदाई दी। पूजा समितियों के पदाधिकारियों ने पूजा के दौरान हुई भूल-चूक के लिए क्षमा प्रार्थना करते हुए अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना की। बृजकिशोर मोदनवाल, लल्लन सिंह, रिंकू श्रीवास्तव, गौतम, शिवधारी गुप्ता, इंद्रदेव सिंह, नागेंद्र सिंह, यशवंत सिंह, जसवंत सिंह, राजेश सिंह, विजेंद्र बहादुर सिंह, संतोष सोनी, पंकज चौबे, विशाल गुप्ता, बब्बन ठाकुर, प्रीति सोनी, सुधा देवी, ज्योति सिंह और अनुप्रिया सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तैनात रहे। विसर्जन के साथ ही क्षेत्र में दुर्गा पूजा उत्सव का समापन हो गया।