रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद परिसर स्थित रिहंदेश्वर धाम महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित दुर्गा पूजा सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुंबई से आए निगम ब्रदर्स ने अपनी गायकी से हजारों दर्शकों और श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इंडियन आइडल सीजन-11 फेम जतिन निगम और दृष्टिबाधित गायक जय किशन की प्रस्तुतियों पर पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक संजय असाटी, महिला मंडल अध्यक्ष नीलू असाटी, महाप्रबंधक हेमेश कुमार वार्ष्णेय, कीर्ति वार्ष्णेय और मानव संसाधन प्रमुख राजेश बोईपाई ने दीप प्रज्वलित कर किया।
• किशोर कुमार के गीत पर मिली खूब दाद, आज होगा रावण दहन
कार्यक्रम में महाप्रबंधक हेमेश कुमार वार्ष्णेय ने किशोर कुमार का लोकप्रिय गीत 'लेना होगा जनम हमें कई-कई बार' प्रस्तुत कर श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी। आयोजन समिति के अध्यक्ष एन.एस. कोरंगा, महासचिव विजेंद्र कुमार मीना, मंदिर समिति अध्यक्ष योगेश त्रिपाठी, उपाध्यक्ष आर.एन. वर्मा, प्रमोद द्विवेदी और रोशन कुमार सहित एनटीपीसी के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। समिति के अनुसार 20 अक्टूबर की शाम सोनशक्ति स्टेडियम में रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। कार्यक्रम के संचालन में आशुतोष कुमार सिंह तथा आयोजन की व्यवस्थाओं में कर्मचारियों, सुरक्षा कर्मियों, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल और बीजपुर पुलिस का योगदान रहा।
.