मंजय वर्मा की रिपोर्ट
लालगंज(सोनभद्र)। तेंदुआ कला गांव में विजयादशमी पर मां दुर्गा की प्रतिमा का गाजे-बाजे और विधि-विधान के साथ स्थानीय नदी में विसर्जन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और मां दुर्गा के जयकारों के बीच भक्तों ने नम आंखों से माता को विदाई दी और अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना की।
रामलीला मंचन के दौरान रावण वध का दृश्य देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। भगवान श्रीराम की भूमिका आदर्श पाण्डेय, लक्ष्मण की प्रियांशु पाण्डेय, हनुमान की अर्जुन बिंद, रावण की भुअर और रावण संवाद की भूमिका भरत तिवारी ने निभाई। श्रीराम द्वारा रावण वध किए जाने पर पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में अखिलेश पाण्डे, विष्णु प्रसाद बिंद, राजमणि कोल, करुणा पाण्डे सहित अन्य कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अंत में सभी ने एक-दूसरे को दशहरे की शुभकामनाएं दीं।