अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर नधिरा मोड़ के पास मंगलवार को कार और टेंपो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। टेंपो धरती डांड़ से सवारियों को लेकर किरविल में विजयदशमी मेले के लिए जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही कार से उसकी टक्कर हो गई। कार वाराणसी से छत्तीसगढ़-ओडिशा की ओर जा रही थी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही बभनी और म्योरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से दोनों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। म्योरपुर सीएचसी में 12 वर्षीय अंकुश पुत्र रामकुमार निवासी नधिरा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में अंजली, सुनील गुप्ता, राजकुमारी समेत कई लोग घायल हुए हैं। घायलों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। दूसरी मौत की पहचान और घायलों की अंतिम स्थिति की पुष्टि संबंधित अधिकारियों से की जानी बाकी है।