अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। विकास खंड बभनी की ग्राम पंचायत सतबहनी और बजिया में सड़क पेंटिंग (मरम्मत) कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के पालन को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सतबहनी में लगभग साढ़े तीन किलोमीटर लंबी सड़क पर चल रहे कार्य में मानकों की अनदेखी की जा रही है और गुणवत्ता को लेकर गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। इसी तरह बजिया में भी सड़क पेंटिंग कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किए जाने का आरोप लगाया गया है।
• अधिकारियों की हिदायत के बाद भी काम जारी रहने का आरोप
ग्रामीणों का दावा है कि लोक निर्माण विभाग के संबंधित अवर अभियंता (जेई) ने कार्य रोकने की हिदायत दी थी, इसके बावजूद ठेकेदारों द्वारा काम जारी रखा गया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए दोनों गांवों में कराए जा रहे कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने, गुणवत्ता की तकनीकी जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई करने तथा जांच पूरी होने तक कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित कराने की मांग की है।