रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा अंजानी के कुड़िया टोला में कुएं में गिरने से पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, बुलेट बाबा अंबेडकर पुत्र विजयशंकर घर के पास स्थित कुएं में बंसी से मछली देखने और पकड़ने के दौरान संतुलन बिगड़ने से गिर गया। घटना के समय पिता खेत में सिंचाई करने गए थे, जबकि मां घर पर सिलाई कर रही थी। पिता के लौटने पर बच्चा नहीं दिखा तो खोजबीन शुरू हुई। जानकारी मिलने पर परिजनों ने कुएं में तलाश की और बच्चे को बाहर निकालकर सीएचसी म्योरपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
• जन्मदिन की तैयारी के बीच पसरा मातम
मृतक शिवम संकल्प इंटरमीडिएट कॉलेज, बकरिहवां में यूकेजी का छात्र था और 25 नवंबर को उसका जन्मदिन मनाया जाना था। परिजनों ने बताया कि बच्चा चंचल और हंसमुख स्वभाव का था। उसकी मौत से परिवार के साथ ग्रामीणों और विद्यालय में शोक व्याप्त है। चिकित्सकीय मेमो के आधार पर म्योरपुर पुलिस ने बीजपुर पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह के अनुसार, मेमो के आधार पर पंचनामा कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और शव पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेजा जा रहा है।