सौरभ की रिपोर्ट
चोपन(सोनभद्र)। मारकुंडी घाटी मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार पांच वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया और मृत बच्ची के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मकरीबारी गांव निवासी वीर बहादुर (35) और विमलेश (16) दो बच्चियों के साथ एक ही बाइक से मारकुंडी मीना बाजार के रास्ते रॉबर्ट्सगंज जा रहे थे। बाइक पर पांच वर्षीय सोनम और उसकी डेढ़ वर्षीय बहन भी सवार थीं। बताया गया कि दोनों बच्चियां रिश्तेदारी में थीं।
• टक्कर के बाद सड़क पर मची अफरा-तफरी, घायलों को अस्पताल भेजा
मारकुंडी घाटी की चढ़ाई पर तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। हादसे में सोनम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वीर बहादुर, विमलेश और डेढ़ वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति संभाली और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।