शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
घोरावल(सोनभद्र)। नवरात्र पर्व के समापन पर नगर में मां दुर्गा समेत अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। बुधवार देर शाम डीजे और बैंड-बाजे की धुन पर भक्तिमय माहौल के बीच श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल हुए। नगर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित प्रतिमाओं को जुलूस के साथ हरिहवा तालाब तक ले जाया गया, जहां विधि-विधान से विसर्जन संपन्न हुआ।
• अलग-अलग समितियों ने निकाली शोभायात्रा, पुलिस रही मुस्तैद
दशमीहवा तालाब स्थित मां दुर्गा पूजा शीतला श्रृंगार समिति के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने शाम करीब 6:30 बजे शोभायात्रा निकाली। नगर भ्रमण के बाद रात आठ बजे मां दुर्गा, मां सरस्वती, मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। वहीं शिवद्वार दीवां तिराहे पर स्थित जय मां दुर्गा श्रृंगार समिति की शोभायात्रा शाम 7:30 बजे हरिहवा तालाब पहुंची। विसर्जन के दौरान एसडीएम विशाल कुमार, सीओ राजेश कुमार राय और प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।